जामताड़ा
जामताड़ा जिले में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में जामताड़ा थाना क्षेत्र के मोहरा चौक के पास माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में वाहनों की जांच की जा रही थी. जांच के दौरान पविया की ओर से जामताड़ा आ रहे गिट्टी लदे एक ट्रैक्टर को रोका गया. माइनिंग इंस्पेक्टर ने चालक से गिट्टी और वाहन से संबंधित वैध कागजात मांगे, लेकिन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. जांच में कागजात की कमी और अवैध परिवहन का मामला सामने आने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया.
जब्त किए गए गिट्टी लदे ट्रैक्टर को जामताड़ा थाना परिसर भेज दिया गया है. वहीं, खनन विभाग वाहन मालिक और चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है. जिला प्रशासन की लगातार कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. अधिकारियों ने कहा है कि आने वाले दिनों में भी अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि जिले में अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके.
